जिले के खवास शिक्षा जोन के तहत पड़ने वाले पंजनाड़ा क्षेत्र के सरकारी मिडिल स्कूल पर पिछले करीब एक महीने से ताला लट़का पड़ा है। स्कूल में नियुक्त तीनों शिक्षक पिछले एक महीने से गैरहाजिर हैं और क्षेत्र के गरीब परिवारों के बच्चे राम भरोसे हैं।
जानकारी के अनुसार, पंजनाड़ा क्षेत्र के सरकारी मिडिल स्कूल में एक महीने से कोई शिक्षक नहीं आया है। क्षेत्र के सरपंच ने शिक्षा विभाग के प्रति रोष प्रकट करते हुए बताया कि स्कूल में करीब 70 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। स्कूल में तीन शिक्षक नियुक्त किए गए हैं। अक्सर स्कूल में एक या दो ही शिक्षक उपलब्ध रहते हैं, लेकिन पिछले करीब एक महीने से स्कूल में एक भी शिक्षक नहीं आया है। एक महीने से बच्चे स्कूल नहीं गए हैं।
क्षेत्र के गरीब परिवारों के पास इतने रुपये नहीं हैं कि वह अपने बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में पढ़ाएं। उन्होंने बताया कि कई बार खवास शिक्षा जोन के जेडईओ से मुलाकात कर समस्या के समाधान की गुहार लगाई गई है, लेकिन उन्होंने केवल आश्वासन ही दिलाया है। क्षेत्र के लोगों ने तीनों शिक्षकों को सस्पेंड कर नए शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की है।
इस बारे में जब राजोरी के मुख्य शिक्षा अधिकारी चौधरी लाल हुसैन से बात की तो उन्होंने मामले की जांच करने का भरोसा दिलाते हुए बताया कि जोन के जेडईओ को जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए गए शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कानूनी अमल में लाई जाएगी।