जिले के मैदानी इलाकों में बुधवार को मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि के साथ तेज आंधी का कहर जारी रहा। उधर, जिले के पहाड़ों पर दूसरे दिन भी ताजा बर्फबारी होती रही।
बारिश के साथ जहां एक तरफ ओले गिरने से ठिठुरन बढ़ी तो वहीं दूसरी तरफ तेज आंधी ने भी अपना कहर ढाया। तेज आंधी से बिजली ढांचे को क्षति पहुंचने से दिन भर बिजली गुल रही। कई घरों की छतों की चादरें भी आंधी में उड़ कर यहां-वहां गिरी।
शहर और आसपास क्षेत्रों में बिजली की तारें गिरने से बिजली गुल हो गई। देर शाम तक बिजली सप्लाई को बहाल नहीं किया जा सका था। मूसलाधार बारिश व ओले गिरने से ठिठुरन बढ़ने के अलावा जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित रहा।
दिन में लोगों को आग सेंकते देखा गया और शाम को जल्द ही घरों में रहना पसंद किया। उधर, जिले के बुद्धल, दरहाल, थन्नामंडी, कोटरंका आदि तहसीलों के ऊंचे पहाड़ों पर भारी बर्फबारी होने के समाचार मिले हैं।
ऊंचे पहाड़ों पर कहीं पांच फीट तो कहीं छह फीट बर्फ गिरी है। जम्मू संभाग को कश्मीर से जोड़ने वाली मुगल रोड पर भी ताजा बर्फबारी का सिलसिला जारी है। थन्नामंडी के डेरा की गली और पीर की गली में भारी बर्फबारी हो रही है। समाचार लिखे जाने तक बर्फबारी जारी थी।