जम्मू संभाग के राजोरी जिले के मंजाकोट सेक्टर में एलओसी पर सटे कोटली कालाबन इलाके के नियंत्रण रेखा (एलओसी) से आतंकियों की घुसपैठ की सूचना पर सुरक्षाबलों ने गुरुवार को इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। देर शाम तक तलाशी अभियान जारी रहा।
हालांकि आतंकियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। सूत्रों के अनुसार पुलिस और सेना ने वीरवार तड़के कोटली के जंगल और आसपास के कुछ हिस्सों में संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया। इन हिस्सों का चप्पा-चप्पा खंगाला जा रहा है। सेना के पास सूचना थी कि कुछ आतंकियों ने उस पार से घुसपैठ की कोशिश की है।
बीते दिनों सेना की व्हाइट नाइट कोर के जीओसी संदीप जैन ने राजोरी दौरे के दौरान सेना को नियंत्रण रेखा के उस पार हर गतिविधि पर नजर रखने और घुसपैठ के किसी भी प्रयास को विफल करने के कड़े निर्देश दिए हैं। सैन्य सूत्रों के अनुसार सेना नियंत्रण रेखा पर हर समय चौकसी बनाए हुए है। उस पार से होने वाली हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।