राजोेरी। स्टाफ की उपस्थिति व समयपालन की जांच के लिए एडीसी ताहिर मुस्तफा मलिक ने रविवार देर रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दरहाल का औचक निरीक्षण किया। एडीसी ने मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने चिकित्सा कर्मचारियों की उपलब्धता के बारे में जानकारी लेने के अलावा रोगियों से भी बातचीत की।
उन्होंने हाजिरी रजिस्टर और ड्यूटी रोस्टर की भी जांच की और अस्पताल प्रशासन को डॉक्टरों और अन्य पैरामेडिकल स्टाफ के ड्यूटी रोस्टर को प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए ताकि जनता की सुविधा के लिए उनकी उपस्थिति और समय की पाबंदी पर नजर रखी जा सके। उन्होंने आगे रोगियों और परिचारकों के बीच कोविड के उचित व्यवहार को लागू करने पर जोर दिया और अस्पताल प्रशासन से अस्पताल मे आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के कोरोना टेस्टिंग की जांच करने और उन्हें वैक्सीनेशन के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। एडीसी ने बीएमओ दरहाल को ब्लॉक दरहाल में वर्क कल्चर और रेगुलर्टी और समय की पाबंदी के कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।