रोड सेफ्टी सप्ताह के तहत परिवहन विभाग जहां एक तरफ विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता शिविरों का आयोजन कर लोगों को यातायात के नियमों का पाठ पढ़ा रहा है।
वहीं दूसरी तरफ वाहन चालकों और सह चालकों को यातायात नियमाें का पाठ पढ़ाने के अलावा उनके स्वास्थ्य की जांच भी की जा रही है। इसी कड़ी में वीरवार को परिवहन विभाग द्वारा शहर के पुराने बस अड्डे पर चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर भारी संख्या में मौजूद वाहन चालकों और सह चालकों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस मौके पर एआरटीओ राजोरी शम्मी शर्मा और इंस्पेक्टर रंदीप भसीन ने कहा कि चालक नशे की हालत में कभी भी वाहन न चलाएं। नशा कर वाहन चलाते समय चालक अपने संतुलन पर काबू नहीं रख पाता है।
इसीलिए वाहन हादसे का शिकार होते हैं। उन्होंने चालकों और सह चालकों से कहा कि वह हर हफ्ते अपने स्वास्थ्य की जांच करवाते रहें और किसी भी बीमारी को समय रहते ही कंट्रोल करें।
उन्हें वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने की भी सलाह दी गई। बताया गया कि वह नियमों का पालन कर अपनी व अपने साथ अन्य यात्रियों की जान की सुरक्षा का ध्यान दें।