बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की मुश्किलें अभी कम नहीं हुई हैं कि मंगलवार रात को तेज बारिश और ओलावृष्टि से लोगों की चिंता और भी बढ़ने लगी हैं। मंगलवार की रात को जिले के बुद्धल, थन्नामंडी और दरहाल तहसीलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि होने से तापमान में काफी गिरावट आने से लोगों की परेशानियां और भी बढ़ गई हैं।
बुद्धल के सरपंच बदर दीन ने राज्य सरकार के प्रति रोष प्रकट करते हुए कहा कि बाढ़ से बेघर हुए लोगों के पुनर्वास के लिए अभी तक कोई कदम नहीं उठाए गए हैं। सैकड़ों परिवार अभी भी खुले आसमान के नीचे टेंट लगा कर रह रहे हैं। मंगलवार रात को बारिश और ओले गिरने से क्षेत्र में बहुत ठंड महसूस की जा रही है। यदि आने वाले दिनों में और ओले गिरते हैं तो टेंट में रहना संभव नहीं हो पाएगा।
थन्नामंडी के मनयाल गली क्षेत्र के सरपंच मोहम्मद अब्दुल्ला ने बताया कि बारिश और ओलावृष्टि से अब टेंट में रह रहे लोगों की दिक्कतें बढ़ने लगी हैं। विशेष कर छोटे बच्चे सर्दी के कारण बीमार पड़ सकते हैं। बाढ़ पीड़ित जो लोग स्कूल भवनों में रह रहे हैं, उन्हें भी ठंड परेशान करने लगी है। अगले महीने से पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू हो जाती है।
इससे पहाड़ी क्षेत्रों में काफी ठंड का अहसास होने लगता है। यदि जल्द ही सरकार ने बेघर हुए लोगों को फिर से घर बनाने में कोई सहायता नहीं की तो ठंड के कारण भी लोगों की जानें जा सकती हैं। दरहाल के टोपा क्षेत्र के सरपंच अबिद मलिक ने सरकार के खिलाफ रोष व्यक्त करते हुए कहा कि एक महीने से भी अधिक समय बीत जाने के बाद भी लोगों को नए घर बनाने के लिए कोई आर्थिक सहायता नहीं की गई है। सरकार को पीड़ितों की कोई चिंता नहीं है।