कर्मचारियों की खाली पड़ी कुर्सियां।
सीमावर्ती जिले पुंछ की मेंढर तहसील में सात सरकारी कर्मचारियों को ड्यूटी से बिना अनुमति के गैर हाजिर रहने पर सस्पेंड कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार एसडीएम मेंढर ठाकुर शेर सिंह को शिकायत मिली थी कि मेंढर के नारी निकेतन और सीडीपीओ कार्यालय में सरकारी कर्मचारी ड्यूटी से अकसर नदारद रहते हैं।
इस का संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने तहसीलदार मेंढर शहजाद लतीफ खान को मौके पर भेज जांच के निर्देश दिए। तहसीलदार ने पहले नारी निकेतन मेंढर का दौरा किया तो पाया कि निकेतन की अधीक्षक चंपा देवी, क्राफ्ट टीचर शहनाज अख्तर, चौकीदार मोहम्मद शरीफ और खानसामा मोहम्मद रफीक ड्यूटी से गैर हाजिर हैं।
वहीं तहसीलदार जब सीडीपीओ कार्यालय पहुंचे तो पाया कि तीन सीनियर असिस्टेंट शफकत अहमद, नजीर अहमद खान और शोकत अहमद भी ड्यूटी पर नहीं हैं।
तहसीलदार ने दोनों कार्यालयों का रिकार्ड खंगालने पर पाया कि एक भी सरकारी कर्मचारी ने न तो किसी उच्च अधिकारी से अनुमति ली है, न कई लीव एप्लिकेशन दी है।
तहसीलदार ने अपनी रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी और एसडीएम ने इस प्रकार से ड्यूटी पर लापरवाही बरतने और गैर हाजिर रहने का कड़ा संज्ञान लेते हुए सभी को तत्काल सस्पेंड कर उनके वेतन पर रोक लगाने के निर्देश जारी कर दिए।