सालों से लंबित मांगों को पूरा न किए जाने के विरोध में पीएचई विभाग के कर्मचारियों ने सोमवार को जुलूस निकाल कर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी न की गई तो वह पानी की सप्लाई बंद कर देंगे।
दोपहर करीब 12 बजे परेड पार्क में बड़ी संख्या में विभाग के स्थायी, दिहाड़ीदार, सीपी वर्कर्स, वाटर वर्कर्स, पीएचई इंप्लाइज एसोसिएशन के बैनर तले एकत्र हुए।
यहां उन्होंने एसोसिएशन के पदाधिकारियों विजय टंडन, भारत भूषण शर्मा, मोहम्मद मजीद, मोहम्मद बशीर, मोहम्मद आजम और जिला प्रधान फैज अकबर चौहान की अगुवाई में जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया। परेड से शुरू हुआ यह जुलूस बाजारों से होता हुआ पुरानी पुंछ स्थित पीएचई विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय तक गया।
फैज अकबर ने कहा कि उनकी मांग है कि जिनकी जमीनाें पर विभाग नेे टैंक बनाए हैं, उनके परिवार के एक सदस्य को पक्की नौकरी दी जाए, सात वर्ष का कार्यकाल पूरा कर चुके दिहाड़ीदारों को स्थायी किया जाए, आईटीआई डिप्लोमा होल्डर्स को पांच साल के बाद स्थायी किया जाए, सीपी वर्कर्स का पूरा बकाया वेतन जारी हो। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों क्रो ज्ञापन भी सौंपा।