जिले की मंडी तहसील के गांव चिखड़ीबन निवासियों ने क्षेत्र में बिजली, पानी और राशन की भारी किल्लत के विरोध में रोष प्रकट करते हुए करीब दो घंटे तक मंडी लोरन सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बार-बार मांग करने पर भी उनके क्षेत्र की तरफ किसी नेता, विधायक एंव अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया है। जिसके चलते लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
प्रदर्शनकारियों ने इस बात की धमकी दी कि अगरपांच दिन में उनके क्षेत्र में बिजली, पानी और राशन की सप्लाई बहाल नहीं की गई तो वह तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। शनिवार दोपहर बाद करीब तीन बजे मंडी लोरन सड़क पर चिखड़ीबन के सैकड़ों ग्रामीण एकत्र हुए।
जहां बीच सड़क पर पत्थर डाल कर जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस अवसर पर मोहम्मद जावेद, नईम हुसैन, मुश्ताक अहमद आदि ने कहा कि क्षेत्र में पिछले काफी समय से नियमित तौर पर न तो बिजली, पानी और न ही राशन की सप्लाई हो रही है। जिसके चलते लोगों का जीना कठिन हो गया है।