दस्सल टंडवाल क्षेत्र के लोगों ने मंगलवार को डीसी कार्यालय का घेराव कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने गठबंधन सरकार और सीएपीडी विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि मार्च महीना खत्म हो गया और अभी तक लोगों को सरकारी राशन नहीं मिला है।
इस अवसर पर स्थानीय निवासी मोहम्मद ताज, नसीर अहमद, शाहिद इकबाल, मोहम्मद बशीर आदि ने बताया कि सरकारी राशन न मिलने से उनके घरों में भूखे रहने की नौबत आ गई है।
इतना ही नहीं बीपीएल परिवारों को भी मार्च महीने का सरकारी राशन नहीं मिला है। पूरे गांव में लोग इतने गरीब हैं कि वह बाजार से महंगे दामों पर राशन खरीद कर नहीं ला सकते हैं।
इससे बच्चों को दो वक्त का खाना खिला पाना भी संभव नहीं रह गया है। उन्होंने सीएपीडी विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग के एक भी सरकारी डिपो पर राशन उपलब्ध नहीं है।
वहीं एडीसी राजोरी सलीम मलिक ने कहा कि वह संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों से बात कर जल्द राशन उपलब्ध करवाएंगे।