राजोरी। जिले में दूरदराज के इलाकों में सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को शिक्षा ग्रहण करने में आने वाली दिक्क़तों को दूर करने के मकसद से सेना ने स्कूल में फर्नीचर भेंट किया।
सेना की राष्ट्रीय राइफल बटालियन ने राजोरी शिक्षा जोन के मिडिल स्कूल मनकोट के छात्रों और कर्मचारियों को फर्नीचर भेंट किया। फर्नीचर का प्रयोग कर स्मार्ट क्लास स्थापित की गई। कक्षा का उद्घाटन प्रधानाचार्य बलराज, पंच खदीम हुसैन, शिक्षक विक्रांत शर्मा और सेना के अधिकारियों द्वारा किया गया। प्रधानाचार्य ने बताया कि सेना ने स्कूल के लिए बेंच, कुर्सियां, सफेद बोर्ड और अलमारियां दी हैं। शिक्षक विक्रांत शर्मा ने बताया कि स्कूल में स्मार्ट क्लास न होने से विद्यार्थियों को आधुनिक पढ़ाई करने में दिक्क़तें उठानी पड़ रही थी। सेना के इस कार्य से बच्चों को राहत मिली है।