शहर के खेवरा क्षेत्र के एक युवक ने कालेज की छात्रा पर तेजधार चाकू से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जानकारी के अनुसार बुधवार की देर शाम को युवक ने
छात्रा के गले पर तेजधार चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। आरोपी युवक शादाब खान पुत्र अयूब खान मूल रूप से पुंछ जिले के बफलियाज क्षेत्र का निवासी है और पिछले काफी
समय से खेवरा क्षेत्र में रह रहा है। बुधवार की देर शाम आरोपी युवक पीड़ित छात्रा का पीछा करते हुए दरहाल स्थित छात्रा के पैतृक गांव पहुंचा। छात्रा के घर से थोड़ी दूरी पर उसने छात्रा के
गले पर तेजधार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। छात्रा की चीख पुकार सुनकर लोग वहां इकट्ठे हो गए और आरोपी युवक वहां से भाग निकला। घायल हालत में छात्रा को सरकारी
अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उपचार कर रहे डाक्टर के अनुसार छात्रा की हालत स्थिर है और उपचार जारी है। उधर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ आरपीसी की धारा 307 यानी
हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएचओ दराहल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी युवक को बुधवार की मध्यरात्रि को एक संदिग्ध स्थान पर छापामारी कर
गिरफ्तार कर लिया है। युवक ने छात्रा पर जानलेवा हमला क्यों किया, इस बात का पता लगाया जा रहा है।