राजोरी। जम्मू-राजोरी हाईवे पर स्थित शहर के कल्लर इलाके में रविवार को दो वीडियो कोच बसों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में चार यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। शोर सुन कर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वीडियो कोच बस जेके 0994 जम्मू से राजोरी की ओर आ रही थी। इसी दौरान कल्लर क्षेत्र में राजोरी से जम्मू की ओर जा रही एक अन्य वीडियो कोच बस के साथ उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में चार यात्री मामूली रूप से घायल हो गए। तीन को कल्लर के स्वास्थ्य केंद्र में मरहम पट्टी के बाद घर भेज दिया गया, जबकि एक अन्य घायल अशोक कुमार को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।