राजोरी। भारी भरकम मशीनरी का उपयोग कर नदी के तल से अवैध खनन का कड़ा संज्ञान लेते हुए पुलिस ने भूविज्ञान और खनन विभाग के साथ राजोेरी में एक सप्ताह में कई वाहनों को जब्त किया है। एसएसपी चंदन कोहली के अनुसार जिले के विभिन्न हिस्सों में भारी मशीनरी के साथ अवैध खनन की खबरें मिल रही थीं। इसे रोकने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया।
टीमों ने कई स्थानों पर लगाए विशेष नाकों के दौरान सख्ती बरती और नदी के कई स्थानों पर छापे मारे। इस दौरान अवैध खनन में शामिल वाहनों को जब्त किया। एसएसपी ने बताया कि मंगलवार शाम को पुलिस पोस्ट चिंगस के एसआई आशीष चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चिंगस कल्लर इलाके में अवैध खनन के लिए तीन डंपर जब्त किए। इसी तरह सोमवार शाम को अवैध खनन करते तीन टिप्पर जब्त किए गए। जबकि एक सप्ताह में अवैध खनन में शामिल लगभग एक दर्जन से अधिक वाहनों को भी जब्त किया गया है। एसएसपी ने कहा कि अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ भी कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जा रही है।