राजोरी। राजोरी के एक क्षेत्र की महिला सरपंच के शिक्षक पति को ग्राम सभा में धौंस जमाना महंगा पड़ गया। पीड़ित व्यक्ति की शिकायत पर आरोपी शिक्षक को दूसरे स्कूल में अटैच करने के आदेश जारी किए गए हैं।
मुख्य शिक्षा अधिकारी की तरफ से जारी नोटिस के अनुसार डूंगी शिक्षा जोन के धनवा गांव स्थित सरकारी हाई स्कूल में तैनात शिक्षक मोहम्मद सज्जाद निवासी मेहरी गुजरा के खिलाफ दुर्व्यवहार की शिकायत मिली है। शिकायतकर्ता ने एडीसी से शिकायत में बताया कि उनके गांव में ग्राम सभा थी। सरकारी स्कूल के शिक्षक जो सरपंच के पति हैं, ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। सूत्रों ने बताया कि शिकायतकर्ता और सरपंच के बीच ग्राम सभा में बहस हुई थी, जिसके बाद शिक्षक पति द्वारा व्यक्ति से दुर्व्यवहार का मामला सामने आया। शिकायत एडीसी ने सहायक आयुक्त पंचायत को मामले की जांच कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। जबकि एडीसी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को निर्देश देकर कहा कि तत्काल आरोपी शिक्षक को धनवा स्कूल से हटाकर दूसरे स्कूल में अटैच किया जाए। इस पर सीईओ ने शिक्षक को स्कूल से हटा कर सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल चिंगस में अटैच कर दिया है।