राजोरी में टीकाकरण करती स्वास्थ्य कर्मी।
राजोरी। जिले में मंगलवार को सरकारी स्कूल के एक शिक्षक सहित सात नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। जिला प्रशासन के अनुसार थन्नामंडी शिक्षा जोन के तहत पड़ने वाले एक सरकारी हाई स्कूल के शिक्षक को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद स्कूल को तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है।
उधर एक बच्चे सहित जिले में छह अन्य लोगों को भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। नए मामलों में से मंजाकोट स्वास्थ्य ब्लॉक से 4, दरहाल और कंडी ब्लॉक से 1-1 व्यक्ति को पॉजिटिव पाया गया है। वहीं किसी भी पॉजिटिव में कोरोना के लक्षण नहीं पाए गए है और सभी को होम आइसोलेशन मे रखा गया है। जिले में जहां तक कोविड वैक्सीनेशन का संबंध है, 18-44 आयु वर्ग के 76 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन की पहली डोज दे दी गई है। उधर पहली और दूसरी लहर के दौरान जिले में कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए 11210 मामलों में से 10174 ठीक हो चुके हैं। 34 अभी भी सक्रिय हैं, जबकि 237 की मौत दूसरी हुई है।
प्रशासन ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे तीसरी लहर के खिलाफ प्रभावी ढंग से लड़ने के लिए कोविड उपयुक्त व्यवहार को सख्ती से अपनाए। प्रवर्तन टीमों ने कोविड-19 प्रोटोकॉल को लागू करने के अपने अभियान में कोविड -19 एसओपी के उल्लंघनकर्ताओं से 26950 रुपये का जुर्माना वसूल किया, जोकि 1 अप्रैल 2021 से लेकर अब तक 50,50,644 रुपये पहुंच गया है।
कैप्शन
कंडी स्वास्थ्य ब्लॉक के गावों मे कोविड वैक्सीनेशन करते स्वास्थ्य कर्मी