राजोरी। कोरोना संक्रमितों के मामलों में कमी आने से लोग भी बेपरवाह हो गए हैं। जिला प्रशासन भी सख्त हो गया है। इसी संदर्भ में कोविड एसओपी का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई जारी रखते हुए मंगलवार को उल्लंघन करने वालों से 3500 रुपये जुर्माना वसूला गया।
उपायुक्त के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीम ने पुलिस के सहयोग से बुद्धल टीसीपी पर नका लगाया। वहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच की तो पाया कि कई यात्री बिना किसी डर या ख़ौफ़ के कोविड एसओपी का उल्लंघन कर रहे हैं। टीम ने पाया कि अधिक यात्री वाहनों में यात्रियों ने न तो मास्क पहने और न ही सामाजिक दूरी का पालन किया। ऐसे में साफ लग रहा था कि लोगों की ऐसी लापरवाही कोरोना को दावत दे रही है। कार्रवाई करते हुए टीम ने उल्लंघन करने वालों के चालान काटे और मौक़े पर ही 3500 रुपये जुर्माना वसूल कर लिया।
पुलिस ने वीरवार को एक अभियान में 144 व्यक्तियों के चालान किए। वहीं जिला प्रशासन के एक प्रवक्ता ने बताया कि कोविड एसओपी की अवहेलना करने वालों के खिलाफ जारी अभियान में पुलिस व प्रशासन द्वारा यात्री वाहनों, निजी वाहनों, सार्वजनिक स्थानों, बाजारों में, विभिन्न संयुक्त टीमों का दौरा जारी है। इसमें सार्वजनिक स्थानों, बाजारों में मास्क नहीं पहनने, सामाजिक दूरी का पालन नहीं करने, सार्वजनिक स्थान पर थूकने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है। अभियान के दौरान विभाग द्वारा कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए उल्लंघनकर्ताओं में जिम्मेदारी की भावना बढ़ाने के लिए मास्क वितरित किए गए। पुलिस ने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे हमेशा मास्क पहनें और कोविड एसओपी की पालना करें।