सुंदरबनी। पटवारियों ने काम छोड़ हड़ताल रखकर जम्मू में राजस्व रिकार्ड गायब करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए दो पटवारियों की रिहाई की मांग की। एक मार्च को जम्मू में राजस्व रिकार्ड में की गई गड़बड़ियों तथा रिकार्ड को गायब करने के आरोप में गिरफ्तार दो पटवारियों की रिहाई की मांग को लेकर शुक्रवार को सुंदरबनी में भी आल जे एंड के पटवार एसोसिएशन के बैनर तले सुंदरबनी के पटवारी हड़ताल पर रहे।
सुंदरबनी पटवार एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि जब तक पटवारियों को रिहा नहीं किया जाता, उनकी काम छोड़ हड़ताल जारी रहेगी। वहीं पटवारियों की हड़ताल के कारण सुंदरबनी तहसील कार्यालय में कामकाज प्रभावित रहा, जिससे जो लोग जरूरी काम के लिए तहसील कार्यालय आए थे, उन्हें भी कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। क्योंकि पटवारियों की हड़ताल के कारण राजस्व विभाग का कोई भी कार्य संभव नहीं हो पाता है।