राजोरी के रेहान में सड़क दुर्घटना में महिला की मौत, सैन्य जवान व पत्नी घायल
- फोटो : RAJOURI
राजोरी। कोटरंका के रेहान में बुधवार को एक निजी वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि कार सवार महिला का भाई सैन्य जवान और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि वाहन- एस-प्रेसो कार नंबर जेके 11डी- 8159 से सैन्य जवान मोहम्मद इख़लाक़ पत्नी नाजिआ कौसर और बहन शहनाज बेगम बुद्धल से राजोरी की तरफ आ रहे थे। कोटरंका के रेहान त्राला इलाके में एक मोड़ पर चालक सैन्य जवान का संतुलन बिगड़ गया और कार करीब 200 मीटर खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि महिला शहनाज अख्तर की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस के मदद से सभी को जीएमसी राजोरी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने शहनाज अख्तर को मृत लाया करार दे दिया, जबकि सैन्य जवान और उसकी पत्नी को प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया है। उधर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू करते हुए शव का पोस्टमॉर्टम करने और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिवार के हवाले कर दिया है।