राजोरी। राजोरी-बुद्धल सड़क मार्ग स्थित राजोरी के खांड़ली नगरोटा क्षेत्र में शनिवार को एक टेंपो ट्रेवलर के सड़क हादसे में एक ही परिवार के 6 लोग घायल हो गए। वह थन्नामंडी के शाहदरा शरीफ स्थित बाबा गुलाम शाह बादशाह की जियारत पर माथा टेकने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार बुद्धल निवासी कुलदीप राज शर्मा के परिवार के 12 लोग जिनमें 6 बच्चे भी शामिल थे। 2910 जेके 11 टेंपो से वह बुद्धल से शाहदरा शरीफ की ओर जा रहे थे। टेंपो ट्रेवलर जब राजोरी खांडली नगरोटा क्षेत्र में पहुंचा तो सामने से आ रहे एक अन्य टेंपो को रास्ता देते समय टेंपो 20 फुट खाई में जा गिरा। इस हादसे में टैंपो में सवार 6 लोग घायल हो गए, जिनको स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से जीएमसी राजोरी पहुंचाया। टेंपो में सवार दीपक शर्मा ने बताया कि टेंपो चालक तेज गति से चल रहा था। सामने से आ रहे एक अन्य टेंपो को देखकर उसका संतुलन बिगड़ गया और टेंपो खाई में गिर गया। भगवान का शुक्र रहा कि किसी को जान का नुकसान नहीं उठाना पड़ा। वहीं जीएमसी राजोरी में घायलों का उपचार कर रहे डॉक्टर ने बताया कि जीएमसी राजोरी में भर्ती 6 घायलों में से रीता शर्मा, दुष्यंत शर्मा, राधा शर्मा, नीमता शर्मा, कपिल देव शर्मा और दीपक शर्मा शामिल हैं। सभी की हालत स्थिर व खतरे से बाहर है। अन्य सभी लोग ठीक हैं। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।