राजोरी। राजोरी-जम्मू हाईवे स्थित राजोरी के बथुनी और मेहारी के जंगलों में शुक्रवार की देर रात आग लग गई। इसके चलते कई कनाल वन संपत्ति जलकर राख हो गई। जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात्रि करीब 10 बजे जंगल में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने देखा कि आग उनके घरों की ओर बढ़ने लगी तो पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया।
राजोरी से फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज के असिस्टेंट डायरेक्टर एवं स्टेशन इंचार्ज मकबूल हुसैन के नेतृत्व में दमकल वाहन और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और फॉरेस्ट प्रोटक्शन फोर्स के जवानों के साथ आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। असिस्टेंट डायरेक्टर ने बताया कि करीब 6 से 7 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान 4 से 5 कनाल भूमि पर फैली आग से वन संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। अधिकारी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि शरारती तत्व जंगल में आग लगाता है तो उस पर कड़ी नजर रखी जाए, और उसकी सूचना पुलिस व संबंधित विभाग को दी जाए, ताकि आग लगाने वालों पर अंकुश लगाया जा सके।