पुंछ जिले में जारी बर्फबारी और बर्फ हटाने का काम में लगी मशीने
- फोटो : POONCH
पुंछ। जिले के निचले क्षेत्रों में बारिश और पहाड़ों पर सोमवार को दिन भर बर्फबारी होने से अधिकतर ऊंचाई वाले क्षेत्रों की तरफ जाने वाली संपर्क सड़कें बंद हो गईं। बिजली एवं पानी की आपूर्ति भी प्रभावित होने से लोग परेशान हो गए। उधर तापमान में गिरावट आने से ठिठुरन बढ़ गई है। इसके चलते सोमवार को अधिकतर लोग घरों में ही बंद रहे।
बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों के लोगों ने जिला प्रशासन से सड़कों से बर्फ हटा कर उन्हें यातायात आवागमन योग्य बनाने, बिजली एवं पानी की आपूर्ति सुचारु रूप से बहाल कराने की मांग की है। गौरतलब है कि सोमवार को दूसरे दिन भी पुंछ नगर सहित जिले के निचले क्षेत्रों में बारिश पहाड़ों के साथ ही कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बींबर गली, देहरागली, सुलतान पत्थरी, सावजियां, लोरन, रंजाटी, चंडीमाड़ा, पोशना, डोगरियां, डन्ना, हिलकाका आदि के साथ ही मुगलरोड पर भारी बर्फबारी दिन भर जारी रही। इसके चलते दिन भर में जहां जिले के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में छह से आठ इंच तक बर्फ रिकार्ड की गई।
मुगलरोड पर पोशाना से पीर की गली सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक से डेढ़ फुट तक बर्फ रिकार्ड की गई। दो दिन से जारी बर्फबारी से कई क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछ कर रह गई है। इस अद्भुत नजारे का स्थानीय अथवा आसपास के क्षेत्रों के लोग लुत्फ उठाने के लिए बर्फबारी के बीच मस्ती भी करते रहे। उधर इस बर्फबारी से जहां अधिकतर लोगों को परेशानियाें का सामना करना पड़ रहा है। वहीं किसानों एवं बागवानों ने इस बर्फबारी पर प्रसन्नता प्रकट करते हुए इसे गेहूं, सब्जियों और फलदार पौधों के लिए वरदान बताया है।