पुंछ जिले में मुगलरोड से बर्फ हटाते जे सी बी मशीन,सडक का दृश्य और पीर की गली का दृश्य
- फोटो : POONCH
पुंछ। मुगलरोड बर्फबारी के चलते यातायात के लिए सोमवार को दूसरे दिन भी पूरी तरह से बंद रही। इस दौरान पूरे पीर पंजाल के पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर नजर आती रही।
गौरतलब है कि रविवार को सुबह तड़के पुंछ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों पीर पंजाल के पहाड़ों पर बर्फबारी होने लगी थी, जोकि सोमवार सुबह तक जारी रही। इसके चलते दूसरे दिन भी मुगलरोड को यातायात के लिए बंद रखा गया। उधर दोपहर को मौसम साफ होने के साथ ही पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल इकाई की तरफ से स्नोप्लो और जेसीबी की सहायता से बफलियाज की तरफ से मुगलरोड से बर्फ हटाने का काम शुरू किया, और देर शाम तक मशीनें पीर की गली तक पहुंच चुकी थी। इसके चलते जिले की तरफ से एक तरफा वाहनों के चलने योेग्य रास्ता बना दिया गया था। परंतु मार्ग पर यातायात बहाल होने के बारे में किसी प्रकार के आदेश जारी नहीं किए गए है। रविवार से सोमवार सुबह तक होने वाली बर्फबारी से मुगलरोड पर पोशाना से पीर की गली तक करीब दो से ढाई फुट तक बर्फ रिकार्ड की गई। इसके कारण मार्ग को यातायात के लिए बंद करना पड़ा था।