पुंछ में सेना की तरफ से आयोजित पुंछ प्रीमियर लीग के विजेताओं को पुरूस्कार प्रदान करते सैन्य अधिक?
- फोटो : POONCH
पुंछ। सेना की पुंछ ब्रिगेड की तरफ से नियंत्रण रेखा से सटे क्षेत्रों के युवाओं में छुपी खेल विशेष कर क्रिकेट प्रतिभाओं को उभारने एवं उन्हें मंच प्रदान करने के उद्देश्य से कराई जा रही पुंछ प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता मंगलवार को संपन्न हो गई। इसका फाइनल मैच प्रीतम पवेलियन में खेला गया। इसमें अजोट वारियर्स ने पुंछ थंडर को चार विकेट से हराकर ट्राफी पर कब्जा कर लिया।
मैच में सेना की गढ़ी बटालियन के कमांडिंग अधिकारी कर्नल एमपी सिंह मुख्य अतिथि रहे। प्रतियोगिता के फाइनल में पुंछ थंडर ने टास जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट गंवा कर 157 रन बनाए। इसके बाद दूसरी पारी में अजोट वॉरियर्स ने बल्लेबाजी करते हुए 19.5 ओवर में 5 विकेट गंवा कर 159 रन बनाए और 4 विकेट से मैच जीत लिया।
फाइनल मैच में गुरबिंदर सिंह मैन आफ द मैच रहे, जबकि पुंछ थंडर के रिदम शर्मा मैन आफ द टूर्नामेंट घोषित किए गए। विजेता टीम को कप और 30 हजार रुपये का चेक दिया गया, जबकि उपविजेता को 15 हजार का चेक प्रदान किया गया। मैन आफ द मैच को दो हजार और मैन आफ द टूर्नामेंट को पांच हजार रुपये का चेक दिया गया। सात दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में जिले की कुल आठ टीमों ने भाग लिया है। इनके सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को मिला कर जिले की एक टीम का गठन किया जाएगा, जोकि अगले माह अखनूर जम्मू में होने वाले वाइट नाइट जम्मू प्रीमियर लीग में पुंछ की तरफ से भाग लेगी।