पुंछ। तीन दिन से बर्फबारी के कारण यातायात के लिए बंद मुगलरोड को फिर से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। इसके साथ ही कश्मीर से बड़ी संख्या में सेब से लदे ट्रक, तेल के खाली टैंकरों सहित सैकड़ों वाहन पुंछ-राजोरी की तरफ आए। जबकि इस दौरान पुंछ-राजोरी से भी सैकड़ों की संख्या में यात्री एवं निजी वाहन कश्मीर की तरफ रवाना हुए।
मुगलरोड के दोबारा खोले दिए जाने से पुंछ एवं राजोरी के लोगों ने राहत की सांस ली। जबकि मुगलरोड पर काम धंधा करने वाले, टी स्टाल एवं ढाबा चलाने वालों में भी खुशी की लहर दौड़ गई है। गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व भारी बर्फबारी के चलते मुगलरोड को सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया था। इसके बाद इस तरफ से कश्मीर गए सैकड़ों लोग वहीं फंस कर रह गए। इस बीच पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल इकाई की तरफ से अगले ही दिन पुंछ जिले की तरफ मुगलरोड पर से बर्फ हटाने का काम पूरा कर लिया गया था। कुछ स्थानों पर भूस्खलन के कारण मुगलरोड को खोला नहीं जा सका। मंगलवार सुबह यातायात पुलिस की तरफ से मुगलरोड की स्थिति का निरीक्षण करने के उपरांत उसे यातायात के लिए खोल दिया गया।