पुंछ। सेना की रोमियो फोर्स की 16 आरआर की तरफ से सुरनकोट में युवाओं को सही रास्तों पर चलने के लिए किए जाने वाले प्रयास को आगे बढ़ाते हुए युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान युवाओं को बताया गया कि सेना में भर्ती होने के लिए क्या-क्या प्रमाणपत्र आवश्यक हैं, शारीरिक क्षमता कैसी होनी चाहिए, कितनी शिक्षा होनी चाहिए, इसकी जानकारी प्रदान करने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इसमें क्षेत्र के 10 वीं एवं 12वीं कक्षा पास सैकड़ों युवाओं, पंचायत प्रतिनिधियों एवं गण्यमान्य नागरिकों ने भाग लिया। जहां सेना के अधिकारियों ने युवाओं को सेना के जवानों की दिनचर्या से सुबह जागने से लेकर रात्रि सोने तक के बारे में जानकारी प्रदान दी। साथ ही सेना में एक सिपाही बनने तक के बारे में संपूर्ण जानकारी प्रदान करते हुए युवाओं को सेना के माध्यम से रोजगार पाने के साथ ही देश की सेवा का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के उपरांत युवाओं के लिए नामांकन प्रक्रिया भी आयोजित की गई, जिसमें सेना में भर्ती होने के इच्छुक युवाओं का नामांकन किया गया। जिन्हें आने वाले दिनों में सेना में भर्ती होने के लिए शारीरिक एवं लिखित परीक्षा के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।