रोष रैली निकाल सीएमओ कार्यालय के बाहर निकाली भड़ास
सीएमओ के माध्यम से सरकार को प्रेषित किया ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
पुंछ। लंबित मांगें पूरी नहीं होने पर बुधवार को मंडी और सुरनकोट ब्लॉक की आशा वर्कर्स का गुस्सा फूट गया। उन्होंने जिला मुख्यालय पहुंच कर रोष रैली निकाली और सीएमओ कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर आवाज बुलंद की। करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन करने के बाद सीएमओ अनीस अल्ताफ नबी के माध्यम से सरकार को ज्ञापन प्रेषित कर जल्द कदम उठाने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार दोपहर के समय मंडी और सुरनकोट ब्लॉक की आशा वर्कर्स नगर के नाखां वाले चोराहे पर एकत्र हुईं, जहां से सीएमओ कार्यालय तक रोष रैली निकाली। इस दौरान वेतन दो हजार रुपये से बढ़ा कर 26 हजार रुपये करने, स्थायी करने सहित सरकारी कर्मियों की तर्ज पर सुविधाएं मुहैया करवाने की मांग उठाई। राजा सुखदेव सिंह अस्पताल परिसर में स्थित सीएमओ कार्यालय के बाहर पहुंच कर नारेबाजी की। इस दौरान आशा वर्कर्स ने सरकार पर खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मात्र दो हजार रुपये मेहनताने से परिवार चलाना मुश्किल है। कोविड के दौरान सरकार के कंधे से कंधा मिला कर काम किया है। लेकिन अब नजरअंदाज किया जा रहा है। इसे सहन नहीं किया जाएगा। इसलिए मांगों को जल्द पूरा किया जाए।