पुंछ। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर वीरवार को जिला पुलिस की तरफ से पुंछ, सुरनकोट और मेंढर थानों में थाना दिवस का आयोजन किया गया। इनमें बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधियों एवं आम लोगों ने भाग लेते हुए शिकायतें एवं समस्याएं प्रकट कीं। पुलिस अधिकारियों ने लोगों की शिकायतें एवं समस्याएं सुनने के उपरांत कुछ का मौके पर ही निपटारा किया, जबकि कुछ शिकायतों का जल्दी हल करने का आश्वासन दिया। एसएसपी रोहित बसकोत्रा ने थाना दिवस में उपस्थित लोगों की शिकायतें एवं समस्याएं सुनीं। सुरनकोट थाने में एसएचओ और एसडीपीओ ने लोगों की समस्याएं सुन कर उनका निपटारा किया।
मेंढर में एसएचओ और एसडीपीओ मुख्य अतिथि उपस्थित हुए और लोगों की शिकायतें एवं समस्याएं सुनीं। पुलिस की तरफ से आयोजित थाना दिवस में भाग लेने वाले लोगों ने इस प्रकार के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह अच्छा कार्यक्रम है, जिसमें हम लोग थाने में सीधे तौर पर अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायतें और समस्याएं प्रस्तुत कर सकते हैं। इससे पुलिस और आम लोगों के बीच की दूरी भी कम होती है।
पुलिस अधिकारियों का कहना था कि लोगों की परेशानियों को दूर करने की तरफ से पुलिस मुख्यालय का अच्छा कदम है, जिसमें लोगों के कई काम मौके पर ही हो जाते हैं।