पुंछ। मंडी तहसील मुख्यालय पर बीडीसी एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने परिसीमन आयोग के खिलाफ जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया। इस दौरान उपराज्यपाल एवं केंद्र सरकार से सिफारिशों विशेष कर मंडी की सात पंचायतों को पुंछ हवेली विधानसभा से हटा कर सुरनकोट में शामिल करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो क्षेत्र के सभी मतदाता सड़कों पर उतर आएंगे। मंगलवार दोपहर को पंचायत प्रतिनिधि सरपंच एवं पंच एकत्र हुए। उन्होंने बीडीसी चेयरमैन शमीम अहमद गनेई की अगुवाई में जुलूस निकाला। जो विभिन्न बाजारों से होता हुआ तहसीलदार कार्यालय पहुंचा। प्रदर्शनकारियों ने डेढ़ घंटे तक सड़क जाम कर नारेबाजी की। शमीम गनेई, मोहम्मद फरीद मलिक ने आयोेग की सिफारिशों पर रोष प्रकट करते हुए कहा कि पुंछ हवेली विधानसभा से मंडी तहसील की सात पंचायतें बेदार, बलनेई, राजनपुरा, मंडी खास और अढ़ाई ए, बी, सी को सुरनकोट के साथ जोड़ा गया है। जो गलत है। यह पंचायतें सुरनकोट से 30 से 40 किलोमीटर की दूरी पर स्थित हैं।