बिजली संकट से परेशान थन्ना मंडी तहसील के पलांगड़ क्षेत्र के लोगों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। पलांगड़ यूथ वेलफेयर के बैनर तले प्रदर्शनकारियों ने करीब तीन घंटे तक राजोरी थन्नामंडी सड़क जाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन व बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले करीब चार दिनों से क्षेत्र का ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली गुल है।
बार-बार विभाग के एक्सईएन कार्यालय के चक्कर काटने के बाद भी केवल आश्वासन ही मिलता रहा। कई बार जिला प्रशासन से गुहार लगाने के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं की गई तो मजबूर होकर लोगों को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा।
स्थानीय निवासी मोहम्मद शरीफ, इकबाल अहमद, शकील खान, मोहम्मद मारूफ ने बताया कि बिजली सप्लाई ठप होने से जहां एक तरफ स्कूल कालेज विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, दूसरी तरफ व्यापारियों के व्यापार पर भी प्रभाव पड़ रहा है। चार दिन से बिजली नहीं आई है।
वहीं करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंचे तहसीलदार व एसएचओ ने प्रदर्शनकारियों को शांत करवाने का प्रयास किया, लेकिन वह मौके पर एक्सईएन के आने की जिद पर अड़े रहे।
आश्वासन दिलाया गया कि सोमवार तक ट्रांसफार्मर बदल कर बिजली सप्लाई बहाल कर दी जाएगी, तब जाकर प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम खोला।