पुंछ। निकटवर्ती गांव कनूईयां में तीन दिन पूर्व ट्रांसफार्मर की मरम्मत के दौरान लाइन चालू होने से झुलसे एक लाइनमैन सोमवार को राजा सुखदेव सिंह अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उसकी पहचान गुलजार अहमद पुत्र मोहम्मद शरीफ निवासी कनूईयां के रूप में हुई है।
तीन दिन पूर्व सुबह नगर के निकटवर्ती गांव कनूईयां में विद्युत विभाग में दिहाड़ीदार लाइनमैन गुलजार अहमद को अधिकारियों की तरफ से गांव में खराब ट्रांसफार्मर की मरम्मत के लिए भेजा। इससे पूर्व ट्रांसफार्मर की बिजली बंद करा दी गई। जैसे ही गुलजार ट्रांसफार्मर पर काम करने लगा तो सप्लाई बहाल कर दी गई। इससे उसे जोरदार करंट लगा और गुलजार नीचे जमीन पर आ गिरा। वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसके साथ मौजूद अन्य कर्मचारियों ने गांव लोगों के सहयोग से उसे राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां तीन दिन से चले उपचार के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों एवं साथी कर्मचारियों में शोक है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई के बाद शव पजिनों के हवाले कर दिया गया।
इस हादसे के बाद जहां गांव कनूईयां में मातम है वहीं परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए जांच कराने और दोषियों को सजा देने की मांग की है। लाइनमैन के साथियों ने विभाग के उच्चाधिकारियों से परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करते हुए आरोप लगाया है कि अकसर इस प्रकार शट डाउन लेने के बाद भी सप्लाई चालू कर दिए जाने से हमारे कई दिहाड़ीदार साथियों की जाने चली गई हैं। बिजली चालू करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
उधर विद्युत विभाग के अधिकारियों ने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि जिले में विद्युत विभाग में अकसर इस प्रकार की लापरवाही के कई मामले पेश आते रहते हैं, जिनमें अभी तक कई कर्मचारियों की जान चली गई है।