पुंछ-मेंढर। जिले में शुक्रवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व बड़े श्रद्धा एवं सम्मान से मनाया गया। इस मौके पर शिष्यों ने अपने गुरुओं का पूजन कर आशीर्वाद पाया।
गुरु पूर्णिमा का मुख्य आयोजन नगर स्थित बाबा भीरमशाह गुरु गद्दी गुरु निवास पर हुआ, जिसमें सैकड़ों अनुयाइयों ने गद्दी के वर्तमान गुरू लोकेश दत्त जी के चरणों में प्रणाम किया। पूजन करने आए श्रद्धालुओं ने कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए मास्क, सैनिटाइजर और सामाजिक दूरी का विशेष ख्याल रखा।
इस अवसर पर गुरु निवास में दिन भर भजन कीर्तन एवं प्रवचन जारी रहे, और लंगर का भी आयोजन हुआ। गुरू लोकेश दत्त जी ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन धर्म में गुरु पूर्णिमा का बहुत बड़ा महत्व है। यह दिन शिष्यों का गुरुओं के प्रति समर्पण और गुरुओं का अपने शिष्यों को आशीष देने का दिन है। यह दिन श्रीमद्भागवत के रचयिता वेद व्यास जी के जन्म उत्सव का भी प्रतीक है।
इस अवसर पर गुरु गद्दी के सेवकों युगल शर्मा, सौरभ शर्मा और रमेश बाली का कहना था कि कोरोना महामारी से पहले गुरु पूर्णिमा पर जम्मू कश्मीर के साथ बाहरी राज्यों से भी शिष्य आते थे। गत वर्ष यहां गुरु पूर्णिमा का आयोजन ही नहीं किया गया था। इस बार केवल राज्य के श्रद्धालुओं को ही कार्यक्रम में भाग लेने की गुरु जी ने आज्ञा दी थी।