पुंछ। जिले के मेंढर सब डिवीजन की बालाकोट तहसील में शनिवार की देर शाम नियंत्रण रेखा पर तैनात भारतीय सेना ने एक युवक को जाली भारतीय करंसी और ड्रग के साथ धर दबोचा। युवक की पहचान 23 वर्षीय मोहम्मद जफर पुत्र मोहम्मद शबीर निवासी गांव डब्बी फारवर्ड के रूप में हुई है। पकड़े गए युवक के पास से सेना के जवानों ने दो किलोग्राम हेरोइन और दो लाख रुपये की भारतीय जाली करंसी, जिसमें पांच-पांच सौ रुपये के नोट शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार देर शाम को बालाकोट के बसूनी क्षेत्र में फेंसिंग पर बनाई गई चेक पोस्ट पर तैनात सेना की 7/11 गोरखा रेजिमेंट के जवानों ने जब चेक पोस्ट पार करते हुए उक्त युवक की जांच की तो उसके पास पालीथिन के लिफाफों में छुपा कर रखी दो किलोग्राम हेरोइन और दो लाख की जाली करंसी बरामद की। इसके बाद उस युवक को पूछताछ के लिए सेना के शिविर में ले जाया गया। वहां से देर रात समाचार लिखे जाने तक सेना द्वारा पकड़े गए युवक को लेकर पुलिस की तरफ से किसी प्रकार की कोई सूचना नहीं दी गई थी। सभी अधिकारी इस मामले पर कुछ भी कहने से बच रहे थे।