पुंछ। वीरवार देर शाम जिले की मंडी तहसील के भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा से सटे सावजियां गगड़ियां सेक्टर के गांव छूल में संदिग्ध हालात में आग लग गई। जिसमें टिन और लकड़ी से बने दो मंजिला मकान जल कर राख हो गया। इन मकानों में रह रहे छह परिवार पूरी तरह बेघर हो गए और उनके शरीर पर कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा। वहीं इस आग की घटना में एक भैंस की जल कर मौत हो गई। उधर आग लगने के दो घंटों के बाद भी फायर ब्रिगेड घटनास्थल पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में भारी रोष है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू की है।
मिली जानकारी के अनुसार वीरवार शाम करीब साढ़े चार बजे जिले की मंडी तहसील के गांव गगड़ियां छूल में ़बशीर अहमद पुत्र हबीब उल्ला के मकान में अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही पलों में मुश्ताक अहमद पुत्र गुलजार अहमद, गुलाम रसूल पुत्र अब्दुल आहद लोन और जवेद अहमद पुत्र अब्दुल हमीद के मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इससे पहले किसी को कुछ समझ आता चारों मकानों को आग की लपटों ने घर लिया। घरों में मौजूद लोगों ने बाहर भागकर अपनी जान बचाई, लेकिन इस दौरान एक भैंस की मौत हो गई। आग का पता चलते ही आसपास के दर्जनों लोग मौके पर एकत्र होकर आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे, मगर इन चारों मकानों के टिन और लकड़ी से बने होने के कारण पूरी तरह राख हो गए। उधर ग्रामीणों ने इस बात का आरोप लगाया है कि आग लगने के दो घंटे बीत जाने के बाद भी मंडी से 25 किलो मीटर दूर स्थित गांव छूल में फायर ब्रिगेड नहीं पहुंच पाई। गांव के लोगों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवारों को सहायता करने की अपील की है।