पुंछ। सुरनकोट के गांव मदाना में पुल के पास नदी में रविवार दोपहर एक शव तैरता मिलने से सनसनी फैल गई। शव की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में लोग नदी किनारे एकत्र हो गए। इस बीच किसी ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। एसएसओ जेएस संबयाल पुलिस दल और एसडीआरएफ के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की सहायता से करीब पांच फुट गहरे पानी से शव निकाल कर बाहर लाया। उसकी पहचान मोहम्मद ताज (54) पुत्र बाग हुसैन निवासी गांव पोठा सुरनकोट के रूप में हुई।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर उपजिला अस्पताल पहुंचाय। जहां पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसएचओ का कहना है कि हमें फोन पर मदाना पुल के पास नदी में अज्ञात शव होने की सूचना मिली। उसकी मौत कैसे हुई और उसका शव नदी में कैसे आया। यह जांच का विषय है। हमने कार्रवाई शुरू कर दी है। प्राथमिक जानकारी में मृतक को सुबह मदाना में पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित जियारत के पास भी देखा गया था।