पुंछ। जिले में नियंत्रण रेखा से सटे दिगवार सेक्टर में मंगलवार शाम पाकिस्तान अधिकृत क्षेत्र मेें लगी आग नो मैन लैंड में माइन फील्ड तक पहुंच गई। इससे माइन फील्ड में घुसपैठ रोकने के लिए बिछाई गई बारूदी सुरंगों में धमाके होने लगे। खबर लिखे जाने तक कई बारूदी सुरंगों में धमाका हो चुका था। गांव दिगवार तक आग की लपटें दिखाई दे रही थीं और धमाकों की आवाज सुनाई दे रही थी।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे दिगवार में नियंत्रण रेखा के पास स्थित नक्करकोट क्षेत्र के उस पार पीओके में अचानक आग की लपटें उठती दिखाई दीं, रात नौ बजे तक नियंत्रण रेखा के आगे नो मेन लैंड को पार करते हुए आग माइन फील्ड तक पहुंच गई। इस आग से बारूदी सुरंगों में विस्फोट होने लगे। माइन फिल्ड तक आग पहुंच जाने के बाद सेना भी पूरी तरह सतर्क हो गई है कि अगर आग और आगे बड़ती है तो उसे किसी प्रकार की हानि से पहले काबू कर लिया जाए। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका। लेकिन नियंत्रण रेखा के आसपास उस पार से आग लगने की पूर्व में पेश आई घटनाओं के बारे में गौर किया जाए तो अकसर उस पार मौजूद आतंकियों और पाकिस्तानी सेना की तरफ से आग लगाकर घुसपैठ की कोशिश की जाती रही है, जिसे हर बार सेना ने नाकाम किया है।