पुंछ। पुंछ नगर के कृष्ण चंद्र पार्क में बनाए गए पहले टूलिप गार्डन में इन दिनों रंग-बिरंगे खूबसूरत फूल खिले हैं। जिन्हें देखने के लिए आम लोगों के साथ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंच रहे हैं। फूलों की खूबसूरती देखने लायक है। जिला फलोरिकल्चर विभाग की तरफ से कृष्ण चंद्र पार्क में करीब तीन कनाल भूमि पर बनाए गए टूलिप गार्डन में मौजूदा में पांच किस्मों के 15 हजार फूल लगाए गए हैं। जिसे देखकर यहां आने वालों का कहना है कि पहले कभी कश्मीर में इस प्रकार टूलिप के फूलों को खिलने के बाद टीवी पर देखा करते थे। अब पुंछ में भी यह फूल देखकर अच्छा लग रहा है। जहां कश्मीर में टूलिप के फूल हाल ही में खिले हैं। वहीं पुंछ में फूल खिले 20 दिन हो गए हैं। इससे लगता है कि पुंछ का वातावरण काफी अच्छा है और यहां पर टूलिप का एक बड़ा बाग बनाया जाना चाहिए।
जिसमें यहां पर्यटन को बढ़ावा मिले। रविवार दोपहर एसएसपी पुंछ रोहित बसकोत्रा, जिला विकास आयुक्त इंद्र जीत समेत अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी, पूर्व एमएलसी जहांगीर हुसैन मीर और वार्ड चार के पार्षद इम्तियाज सलारिया के साथ फूल देखने पहुंचे। अफसर फूलों को देखकर काफी खुश हुए। उन्होंने अपने साथ आए अधिकारियों को पुलिस लाइन और पुलिस मुख्यालय में भी ये फूल लगवाने के निर्देश दिए। कहा कि टूलिप हालैंड का फूल है और अभी वहां भी नहीं खिले हैं। पुंछ में यह फूल खिले हैं इस बात का मुझे आज पता लगा। वहीं जहांगीर हुसैन मीर का कहना है कि वह जिला प्रशासन और उपराज्यपाल से पुंछ के लिए टूलिप गार्डन के लिए मेगा प्रोजेक्ट की बात करेंगे। जिसपर पुंछ में सरकार की तरफ से पीका नट अखरोट के लिए मेगा प्रोजेक्ट चलाया जा रहा है, उसी प्रकार कहीं पर टूलिप गार्डन बनाने की मांग करेंगे।