पुंछ। उपायुक्त के निर्देश पर तहसीलदार मंडी शहजादा लतीफ खान ने गांव बेदार के हाई स्कूल में बच्चों को छात्रवृत्ति के लिए जरूरी कैटेगरी प्रमाणपत्र पहाड़ी, जनताजि, एएलसी, पिछड़ी जाति आदि प्रमाणपत्र प्रदान करने के लिए रविवार को विशेष शिविर लगाया। इसमें तहसीलदार कार्यालय के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ ही बड़ी संख्या में शिक्षा विभाग के लोग उपस्थित रहे।
मौके पर ही सैकड़ों की संख्या में प्रमाणपत्र बना कर आवेदकों में वितरित किए। दूर दराज के गांव में इस प्रकार का शिविर आयोजित किए जाने के लिए लोगों ने जिला प्रशासन और उपराज्यपाल प्रशासन का आभार प्रकट करते हुए कहा कि शिविर से उन्हें काफी लाभ प्राप्त हुआ है। एक तो पिछले दिनों कोरोना महामारी में बढ़ोतरी होने के कारण हम लोग यहां से मंडी तहसीलदार कार्यालय तक नहीं पहुंच पा रहे थे। उस पर अगर कोई ग्रामीण मंडी कस्बे में पहुंच जाता था तो उसे कभी पटवारी नहीं मिलता था। कभी कोई अन्य अधिकारी नहीं मिलता था। इसके कारण काम नहीं हो पाता था। इस प्रकार के शिविर में एक ही प्रांगण में सभी पटवारी, गिरदावर, नायब तहसीलदार एवं स्वयं तहसीलदार मौजूद रहे। जो मौके पर ही प्रमाणपत्रों के आवेदन एवं फाइलों की जांच कर प्रदान कर रहे हैं।