पुंछ। दो वर्ष से भी अधिक समय के बाद शनिवार शाम को एक बार फिर पुंछ नगर के पुलिस लाइन में बनाए गए हेलिपैड पर पवनहंस हेलिकॉप्टर उतरा तो लोगों में खुशी का माहौल बन गया है। एक ही दिन के लिए हेलिकॉप्टर आने से लोगों में कुछ निराशा भी है। पुंछ के लोगों ने जिला प्रशासन से जम्मू-पुंछ के बीच दोबारा से नियमित पवनहंस हेलिकॉप्टर सेवा बहाल करने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार शाम जम्मू से करीब चार बजे पवनहंस ने पुंछ मधुमीत सिंह हन्नी उनकी मां कृष्णा कुमारी, भाभी हरजीत कौर और भतीजे एवं भतीजी के साथ उड़ान भरी और करीब 4.40 बजे पुलिस लाइन हेलिपैड में उतरा। जहां पर मधुमीत सिंह के परिजनों के अलावा नगर के कई अन्य लोग मौजूद थे। वहीं मधुमीत सिंह एवं उनके परिजनों ने जम्मू से पुंछ के लिए पवनहंस की सेवा उपलब्ध कराने एवं हेलिकॉप्टर को पुंछ आने अनुमति प्रदान करने के लिए जिला प्रशासन विशेष कर उपायुक्त इंद्रजीत का धन्यवाद अदा करते हुए बताया कि उनकी माता जी की आयु 94 वर्ष के करीब है। वह सड़क मार्ग से यात्रा करने में असमर्थ हैं। उन्हें जम्मू से पुंछ लाने के लिए हमने जिला प्रशासन से सहयोग मांग था, जिसके बाद प्रशासन ने सभी प्रकार की कानूनी कार्रवाई कर हमें माता जी को पुंछ लाने में सहायता प्रदान की है। मधुमीत सिंह एवं उनके परिजनों के साथ ही पुंछ के अन्य लोगों ने एडवोकेट इफ्तिखार बज्मी, सतविंदर पाल सिंह, मंजीत सिंह इम्तियाज अहमद, आरती मल्होत्रा सूरी, संजय कुमार आदि ने जिला प्रशासन से पुंछ के लिए जम्मू से नियमित पवनहंस की हवाई सेवा बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि अगर हवाई सेवा बहाल हो जाती है तो जिले के लोगों को आपातकाल में अथवा जरूरी कामों के लिए पुंछ से जम्मू आने जाने में आसानी होगी।
इन लोगों का कहना है कि पहले जम्मू-पुंछ के बीच हवाई सेवा शुरू की गई थी। जोकि बहुत सही प्रकार से चल रही थी। फिर न जाने उसे क्यों बंद कर दिया गया। इन लोगों का कहना है कि पुंछ से अक्सर आपातकाल में मरीजों को जम्मू रेफर किया जाता है, जिन्हें सड़क मार्ग से जम्मू पहुंचने में सात घंटे लग जाते हैं अगर हवाई सेवा हो तो मरीज एक घंटे में जम्मू मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंच सकता है, जिससे उसकी जान भी बच जाएगी।