पुंछ। मेंढर में जंगली सुअर के हमले में एक ग्रामीण घायल हो गया। उसको परिजनों एवं आस पड़ोस के लोगों ने उपजिला अस्पताल मेंढर पहुंचाया। जहां उसका उपचार जारी है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। उसकी पहचान अब्दुल हक (50) पुत्र लालदीन निवासी गांव नक्कामंजयाड़ी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर शाम को मेंढर उपजिला के गांव नक्कामंजयाड़ी निवासी अब्दुल हक अपने घर के पास खेतों से लौट रहा था। तभी एक जंगली सुअर ने उस पर हमला कर दिया। अब्दुल हक के शोर मचाने पर परिजन एवं आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सुअर को भगाने के बाद उसे घायल अवस्था में उठा कर अस्पताल पहुंचाया। इस हमले के बाद ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्रामीण क्षेत्रों जंगली जानवरों के हमले काफी बढ़ गए हैं, परंतु वाइल्ड लाइफ की तरफ से कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। जंगली सुअरों, रीछों, बंदर न सिर्फ हमारी फसलों एवं फलों को तबाह कर रहे हैं, बल्कि आए दिन किसी न किसी ग्रामीण पर भी हमला कर देते हैं।