पुंछ। जिले की सुरनकोट तहसील के धूंधक क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम को पुंछ-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए हादसे में एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई है।
मृतक की पहचान मोहम्मद अफजल (32) पुत्र मोहम्मद शफी निवासी नक्का मंजेयाड़ी तहसील मेंढर के रूप में हुई है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के हवाले कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देर शाम को मेंढर के गांव नक्का मंजेयाड़ी निवासी मोहम्मद अफजल अपनी बाईक (जेके 12बी 8537) पर सवार होकर सुरनकोट के रास्ते पुंछ अपने पिता मोहम्मद शफी के पास जा रहा था। उसके पिता पुंछ पुलिस लाइन में बतौर एएसआई तैनात हैं। रास्ते में धूंधक क्षेत्र में एक वाहन को पास करते हुए उसका बाइक से नियंत्रण खो गया और उसका सर सड़क किनारे पड़े एक बड़े पत्थर से जा टकराया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे का पता चलते ही आसपास मौजूद लोगों ने सुरनकोट पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा भर कर उसे सुरनकोट अस्पताल पहुंचाया।