श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल हुआ। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का डिविजनल कमिश्नर ने लिया जायज़ा। डीजीपी ने सुरक्षा समीक्षा करते हुए कहा कि सुरक्षा सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य समारोह स्थल शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में सोमवार को फुल ड्रेस रिहर्सल हुआ। इस फुल ड्रेस रिहर्सल में जम्मू कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ, जम्मू कश्मीर फायर सर्विसेज, एनसीसी के इलावा अन्य दस्तों ने परेड में भाग लिया। इसमें विभिन्न स्कूलों के दस्ते भी मौजूद रहे। परेड की सलामी कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर बसीर खान ने ली। परेड के अलावा स्कूली छात्रों तथा कल्चरल अकादमी और अन्य दलों द्वारा रंगारंग कार्यक्रम भी पेश किए गए। डिविजनल कमिश्नर द्वारा इस मौके पर समारोह के लिए किए गए सभी प्रबंधों का जायज़ा लिया गया।
वहीँ जम्मू कश्मीर पुलिस के महानिदेशक डॉ. एसपी वैद ने भी वहां किए गए सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की और इस अवसर पर पत्रकारों से बात करते हुए वैद ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी एजंसियां सतर्क है, कल आपने खुद देखा कि पुलिस ने किस तरह से इनपुट पर तुरंत कार्रवाई की। वैद ने कहा कि इलाका घना आबादी वाला होने के कारण आतंकी वहां से भाग निकले क्योंकि हम नहीं चाहते कि वहां किसी प्रकार का जानी नुक्सान हो। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गए हैं और हम चाहेंगे कि लोग यौम-ए-आज़ादी का दिन बिना किसी खौफ के मनाएं।