पाकिस्तानी सेना ने सोमवार रात को जम्मू एवं कश्मीर के उरी सेक्टर के कमलकोट क्षेत्र में नियंत्रण रेखा पर सीजफायर का उल्लंघन किया। एक रक्षा सूत्र ने बताया, 'पाकिस्तानी सेना ने सोमवार रात 9.30 बजे उरी सेक्टर में भारतीय पोस्टों पर अकारण गोलीबारी शुरू कर दी।'
उन्होंने कहा कि, 'पाकिस्तानी गोलीबारी में किसी नुकसान की कोई खबर नहीं है। यह गोलीबारी रुक-रुक कर 45 मिनट तक जारी रही।' पाकिस्तान की ओर से छोटे और स्वचालित हथियारों का इस्तेमाल किया गया था। भारतीय जवानों ने भी पाक की इन नापाक हरकत का मुंहतोड़ जबाव दिया।
पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी के पीछे सीमापार बैठे आतंकवादियों को इस पार भेजना माना जा रहा है। भारतीय सेना द्वारा लगातार आतंकी घुसपैठों को नाकाम करने के बाद पाकिस्तान गोलीबारी की आड़ में आतंकवादियों को भारतीय सीमा में प्रवेश करवाना चाह रहा है।