भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की एक दिसंबर को होने वाली ललकार रैली के दौरान गुजरात पुलिस की विशेष कंपनी भी तैनात रहेगी।
गुजरात पुलिस की एक कंपनी जम्मू पहुंच गई है। गुजरात पुलिस के चार उच्च पुलिस अधिकारी भी जम्मू पहुंच गए। इनमें एक आईजी और तीन डीआईजी स्तर के अधिकारी हैं। इन अधिकारियों ने सुरक्षा की कमान अपने हाथों में ले ली है।
इसके अलावा आईजी जम्मू जोन में हाल ही में तबादला होकर तैनात हुए दो एसपी को भी सुरक्षा की देखरेख के लिए तैनात किया गया है। रैली के दौरान ट्रैफिक रूट में भी बदलाव रहेगा। हालांकि रविवार होने के कारण स्कूल, कालेज और सरकारी कार्यालय बंद रहने से कोई खास समस्या नहीं आएगी लेकिन आम जनता की गाड़ियां गुज्जर नगर पुल और भगवती नगर पुल से निकाली जाएंगी।
मौलाना आजाद स्टेडियम के बाहर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। स्टेडियम के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक न हो।
स्टेडियम के बाहर ही गुजरात पुलिस के जवान भी जम्मू पुलिस के जवानों के साथ रहेंगे। विशेष सुरक्षा दस्ता मंच पर मौजूद रहेगा। सुरक्षा के लिए पहुंचे चार अधिकारी लगातार जम्मू में मौजूद पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा को लेकर बैठकें कर रहे हैं।
एसएसपी जम्मू अतुल कुमार गोयल ने इन चारों अधिकारियों के साथ मिलकर समारोह स्थल के आसपास की सुरक्षा का जायजा भी लिया। इसके अलावा आईजीपी आफिस में तैनात एसपी जेएस जौहर और एसपी राजेश्वर सिंह को विशेष तौर पर सुरक्षा का जायजा ले रहे हैं।
ब्रिगेडियर राजेंद्र सिंह चौक से लेकर विक्रम चौक में सभी अधिकारियों ने सुरक्षा की जांच की और कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए।