जम्मू-कश्मीर के एयरपोर्ट सहित कई महत्वपूर्ण स्थान आतंकियों के निशाने पर हैं। गणतंत्र दिवस के पहले कई स्थानों पर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की भी उनकी योजना है।
यह खुलासा आतंक प्रभावित बडगाम इलाके से पिछले दो हफ्ते के दौरान दबोचे गए पांच आतंकियों ने किया है। पांचों आतंकी लश्कर-ए-तोएबा से जुड़े हैं और जम्मू-कश्मीर में कई आतंकी वारदातों में उनका हाथ रहा है।
मंगलवार को आतंकियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि बड़ी इमारतें और कुछ राजनेता उनके निशाने पर थे। आतंकी किसी बडे़ नेता पर हमला कर दहशत फैलाने की फिराक में थे।
गिरफ्तार आतंकी पिछले माह चडूरा के एसएचओ की हत्या सहित अन्य हमलों में शामिल रहे हैं।
पुलिस इनके अन्य साथियों को तलाश कर रही है। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन बंदूक सहित गोला-बारूद और कुछ दस्तावेज बरामद किए हैं।
बडगाम के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद इरशाद का दावा है कि इस खुलासे के साथ ही दो दिसंबर, 2013 को चडूरा पुलिस थाने के प्रभारी सब इंसपेक्टर शब्बीर अहमद की हत्या की गुत्थी भी पुलिस ने सुलझा ली है।
गिरफ्तार पांच आतंकियों में से कुछ आतंकी तथा उनके लिए काम करने वाले ओवर ग्राउंड वर्कर हैं। एसएचओ की हत्या की साजिश घटना से करीब तीन सप्ताह पहले रची गई थी।
इसमें शामिल एक आतंकी पाकिस्तान निवासी उमर उर्फ जाहिद को पुलिस तथा राष्ट्रीय रायफल्स का एक संयुक्त दल 25 दिसंबर को मारने में सफल रहा था, जबकि उसके पांच साथी आशिक हुसैन, रियाज अहमद डार, बशारत अहमद, हमीद मलिक तथा मंजूर नाजर को गिरफ्तार कर लिया गया।