लोक सेवा संस्था ने कंडी क्षेत्र के युवाओं के लिए विशेष भर्ती रैली कराने की मांग की है। बुधवार को छन्न दित्याल में संस्था के सदस्यों ने रोमी शर्मा की अध्यक्षता में बैठक की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी तेजी से बढ़ रही है। केंद्र सरकार के पास युवाओं के लिए कोई ठोस नीति नहीं है। कंडी क्षेत्र में खेतों की सिंचाई के लिए पानी की उचित व्यवस्था न होने और बंदरों के आतंक के चलते खेती भी खत्म हो चुकी है। इसकी वजह से यहां के पढ़े लिखे युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाके के युवाओं के लिए पुलिस भर्ती की घोषणा की गई है। इससे पहले भी सीमावर्ती क्षेत्र के युवाओं के लिए भर्ती रैली कराई गई। लेकिन कंडी क्षेत्र के युवाओं की अनदेखी की जा रही है। प्रदेश सरकार को इस क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के लिए नीति बनानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि कंडी क्षेत्र के युवाओं के लिए भी सेना और पुलिस की तरफ से विशेष भर्ती रैली का आयोजन किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि संस्था के सदस्यों की ओर से युवाओं के लिए भर्ती की मांग को लेकर कंडी क्षेत्र में हस्ताक्षर अभियान जल्द चलाया जाएगा। बैठक में राजेश कुमार, अजय शर्मा, रमन कुमार, सुनील सिंह, केवल कुमार आदि शामिल रहे। संवाद