धार-उधमपुर मार्ग पर रविवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में तेज रफ्तार मिनी बस ने एक महिला को कुचल दिया। इस हादसे में महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी नन्ही बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी फैल गई।
इसी बीच मिनी बस चालक गाड़ी को मौके पर छोड़कर वहां से फरार हो गया। बाद में राहगीरों ने मां-बेटी को पीएचसी रामकोट पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि बच्ची का इलाज चल रहा है। मृत महिला अंजू देवी (30) पत्नी स्व. सुनील कुमार निवासी कंदारनू के रूप में हुई है।
उसकी सात साल की घायल बेटी पारुल की हालत खतरे से बाहर है। जानकारी के अनुसार धार-उधमपुर मार्ग पर यह हादसा रविवार की शाम को उस समय हुआ जब दोनों मां-बेटी बस से उतरकर अपने घर जाने की तैयारी कर रही थीं।
अचानक पीछे से एक तेज रफ्तार मिनी बस (जेके02एजी-7832) ने महिला को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्ची बुरी तरह घायल हो गई। पुलिस ने मिनी बस को सीज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
चार साल पहले अंजू देवी के पति सुनील कुमार की भी एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद अंजू ने किसी तरह स्वयं को संभाला था।
पति की मौत के बाद वह मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह अपने दस वर्षीय बेटे और सात साल की बेटी का पालन पोषण कर रही थी। उसे क्या पता था कि एक और सड़क हादसा उसके बच्चों के सिर से मां का आंचल भी हटा देगा। पहले बच्चों ने अपने पिता को खोया और अब मां को भी खो देने के बाद वे बेसहारा हो गए हैं।