तहसील महानपुर में पड़ते गांव सुंदला व आसपास के गांवों के लोगों को पानी की समस्या से अभी से दो चार होना पड़ रहा है। गर्मी का मौसम अभी पूरी तरह से नहीं आया है और सुंदला ट्यूबवेल का डिसचार्ज कम हो गया है, जिसके कारण तकरीबन सात-आठ गांवों में पेयजल संकट बन गया है, जो आने वाले समय में विकराल रूप ले लेगा।
स्थानीय सतपाल, पवन कुमार, रमेश कुमार आदि ने बताया कि सुंदला गांव के ट्यूबवेल से केवल सुंदला ही नहीं आसपास के सात गांवों, जिनमें कपाई मालनी, दन्नी, करणवाड़ा, मौंगाटी, लोअर सवार व अपर सवार को पानी जाता है। इन गांवों के लोग इसी ट्यूबवेल पर पेयजल के लिए निर्भर रहते हैं।
फरवरी महीने के अंत तक ही गर्मी के चलते व बारिश कम होने के कारण डिसचार्ज कम हो गया है। उन्होंने बताया कि इन गांवों में पहले दो दिन छोड़कर पानी आता था, लेकिन अब पिछले कुछ दिनों से पानी चार-चार दिन के बाद मिल रहा है। ऐसे में लोगों को अब पेयजल समस्या ने परेशान कर दिया है।
डिसचार्ज कम होने के कारण पानी आने में देरी हो रही है। ऐसे में लोगों को अभी से पानी की चिंता सताने लगी है। वहीं गर्मी का आगाज अभी हुआ ही है तो पानी के लिए दिक्कतें बढ़ गई हैं। ऐसे में गर्मी में पानी के लिए त्राहि-त्राहि मचना तय लग रहा है।
ऐसे में पेयजल समस्या के हल के लिए विभाग को फौरन उचित कदम उठाने होंगे। इस संदर्भ में जेई संजीव कुमार ने बताया कि सुंदला ट्यूबवेल का डिसचार्ज समय चौबीस घंटों के बजाए पंद्रह घंटे था जो अब सात से आठ घंटे का ही रह गया है। ऐसे में पानी पूरा करने के लिए विभाग को भी समस्याएं आ रही हैं।