बूंद-बूंद को तरसती जिंदगी और बत्तर होते हालात
- फोटो : सौतिक बिश्वास
पिछले कई दिनों से ट्रांसफार्मर खराब होने की वजह से रामकोट तहसील के विभिन्न भागों में पेयजल संकट गहरा गया है। बिजली बंद होने के कारण पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही और लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।
रामकोट नगर और लाखडी गांव में पिछले पांच दिनों से पेयजल सप्लाई ठप्प पड़ी हुई है। जिसकी वजह से इलाके के लोगों को कई दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को अपनी प्यास बुझाने के लिए नालों, छप्पडों, पोखरों और कुओं का दुषित पानी पीने के लिए मजबूर होना रहा है।
रमेश चंद्र, पवन कुमार, लेखराज, परमानंद, केवल कुमार ने बताया कि सोमवार को रामकोट स्टेज टू का ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। नतीजतन पिछले पांच दिनों से नगर में पेयजल सप्लाई ठप्प पड़ी हुई है। वहीं, लाखडी के लोगों ने बताया कि डगवैल में लगे पंप में आई खराबी की वजह से वहां भी चार दिनों से पेयजल सप्लाई बंद है।
लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पेयजल सप्लाई बहाल नही की गई तो लोग सड़क पर उतर आएंगे। पीएचई विभाग के एईई गोपाल शर्मा ने बताया कि रामकोट में नया ट्रांसफार्मर लगा दिया गया है। जबकि लाखडी के खराब पंप को भी बदला गया है। उम्मीद है कि शनिवार दोनों स्थानों पर पेयजल सप्लाई बहाल हो जाएगी।