निर्माण कार्य के लिए गृह विभाग ने जारी की 39 लाख की राशि
कठुआ। जिला जेल कठुआ और सब जेल हीरानगर (होल्डिंग सेंटर) को जल्द वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग की सुविधा मिलने जा रही है। इसके लिए विभाग दोनों जेलों में एक-एक वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग हॉल का
निर्माण करवाएगा।
39.5 लाख की लागत से होने वाले निर्माण का जिम्मा पुलिस विभाग की निर्माण शाखा को सौंपा गया है। यह सुविधा जिला जेल में 19.9 लाख और होल्डिंग सेंटर हीरानगर में 19.97 लाख की लागत से पूरी होगी। निर्माण शाखा के अनुसार दोनों कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह कार्य अगले दो से तीन महीनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद नवनिर्मित हॉल में कंप्यूटर, वेब कैमरा सहित अन्य जरूरत चीजों को लगाकर इसे इस्तेमाल में लाया जाएगा।
पुलिस विभाग के अधिकारियों की मानंे तो जिला जेल में कुख्यात अपराधियों सहित कई आतंकवादी बंद है। होल्डिंग सेंटर में ज्यादातर रोहिंग्या को रखा गया है। ऐसे में इन अपराधियों को कोर्ट पेशियों में ले जाने के लिए न केवल वित्त नुकसान होता है बल्कि इससे सुरक्षा में चूक की संभावना रहती है। पुलिस विभाग ने जिले की इन दो जेलों में वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग की सुविधा उपलब्ध करवाने का काम शुरू करवाया है। इस सुविधा से कुख्यात अपराधियों सहित आतंकवादियों को जेल के अंदर से वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग से कोर्ट में पेश किया जाएगा।
दोनों जेलों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग हॉल स्थापित करने के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आगामी 26 जुलाई तक टेंडर देने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। टेंडर खुलने के बाद सबसे कम बोलीदार को निर्माणकार्य सौंपकर इसे जल्द पूरा करवाया जाएगा।
- अनवर अहमद खान, कार्यकारी अभियंता पुलिस निर्माण शाखा जम्मू।